गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

उद्योग तथा निवेश के क्षेत्र में मध्यप्रदेश बना रहा है नई पहचान

उज्जैन : मोहन यादव ने आज कहा कि प्रदेश उद्योग तथा निवेश के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित कर रहा है और इस दिशा में लगातार भ्रमण तथा उद्योगपतियों से संवाद के प्रतिफल में एक समृद्ध औद्योगिक परिवेश प्रदेश में नजर आ रहा है।
डॉ यादव ने उज्जैन के समीप ग्राम निनोरा में 355 करोड़ रुपए निवेश वाली प्रतिभा सिंटेक्स औद्योगिक इकाई का शुभारंभ किया। प्रतिभा स्वराज प्राइवेट लिमिटेड समूह द्वारा स्थापित की गई उक्त औद्योगिक इकाई में वृहद स्तर पर गारमेंट निर्माण किया जाएगा, जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा। महत्वपूर्ण रूप से मध्य प्रदेश शासन की महिला सशक्तिकरण नीति के तहत उक्त औद्योगिक इकाई में 70 फीसदी से अधिक कर्मचारी महिलाएं हैं।
कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निनोरा में प्रतिभा स्वराज द्वारा स्थापित नवीन औद्योगिक इकाई से जहां हजारों लोगों को रोजगार मिलेगा, वहीं आसपास की खेती समृद्ध होगी। किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। निनोरा में स्थापित औद्योगिक इकाई में प्रथम चरण में लगभग 100 करोड़ रुपए का निवेश किया गया है, जिसमें आगे चलकर 355 करोड़ रुपए का निवेश होगा। डॉ यादव ने उद्योग समूह द्वारा लगभग डेढ़ लाख एकड़ में जैविक खेती की भी सराहना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की नवीन सकारात्मक औद्योगिक नीति का जिक्र करते हुए कहा कि अब प्रत्येक संभाग में शासन द्वारा इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेती तथा पशुपालन में उत्पादन और आय को दोगुना करने का सशक्त प्रयास किया जा रहा है। अभी प्रदेश में देश के कुल दुग्ध उत्पादन का 9 फीसदी हिस्सा है, जिसे बढ़ाकर 20 फीसदी तक ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शासन द्वारा लागू की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अग्नि वीर एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से दूरदृष्टि के साथ प्रधानमंत्री द्वारा देश की सैन्य क्षमता में वृद्धि की गई है। प्रधानमंत्री द्वारा संतुलन की दृष्टि से अग्नि वीर योजना लागू की गई है।
उन्होंने इस वर्ष दशहरे पर रावण दहन के साथ शस्त्र पूजन पर कहा कि रानी अहिल्या देवी होल्कर से प्रेरणा लेते हुए इस वर्ष उत्साह एवं उमंग के साथ प्रदेश में शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *