सुकमा (बस्तर) : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के बुर्कलंका इलाके में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच जारी मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया जबकि कई अन्य घायल हैं।
पुलिस अधीक्षक किरण चौहान ने बताया कि मौके से हथियार और शव बरामद कर लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस मुठभेड़ में कई अन्य नक्सलियों को गोली लगी है। सुबह से ही रुक-रुककर गोलीबारी हो रही है।
सुकमा जिले के नक्सल प्रभावित कंगालतोंग इलाके में आज सुबह से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर आ रही है। मुठभेड़ डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) व अन्य बलों के जवानों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर हो रही है, जिसमें कई नक्सलियों के घायल होने की खबर है।
श्री चौहान ने बताया कि नक्सल विरोधी अभियान के तहत डीआरजी की टीम ने इस क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया था। इस दौरान नक्सलियों ने जवानों पर अचानक हमला कर दिया, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की।
श्री चौहान ने बताया कि मुठभेड़ के बाद से इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि स्थिति पर नियंत्रण बना हुआ है। जवान नक्सलियों का डटकर मुकाबला कर रहे हैं।
सुकमा मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर,कई घायल
