गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एनिमेशन की दुनिया में भारत नई क्रांति करने की राह पर: मोदी

नई दिल्ली : नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत के एनिमेशन से तैयार सामग्री दुनिया भर में पसंद की जा रही है और एनिमेशन की दुनिया में भारत नई क्रांति करने की राह पर है।
श्री मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम मन की बात में रविवार को कहा, “ आपको वह दिन जरूर याद होंगे जब ‘छोटा भीम’ टीवी पर आना शुरू हुआ था। बच्चे तो इसे कभी भूल नहीं सकते, कितना उत्साह था ‘छोटा भीम’ को लेकर । आपको हैरानी होगी कि आज ‘ढोलकपुर का ढोल’, सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि दूसरे देश के बच्चों को भी खूब आकर्षित करता है । इसी तरह, हमारे दूसरे एनिमेटेड सीरियल, ‘कृष्णा’, ‘हनुमान’, ‘मोटू-पतलू’ के चाहने वाले भी दुनियाभर में हैं । भारत के एनिमेशन विशेषत: यहाँ की एनिमेशन फिल्में, अपनी सामग्री और रचनात्मकता की वजह से दुनिया-भर में पसंद की जा रही हैं। आपने देखा होगा कि फोन से लेकर सिनेमा के पर्दे तक एनिमेशन हर जगह मौजूद है।”
उन्होंने कहा, “एनिमेशन की दुनिया में भारत नई क्रांति करने की राह पर है। भारत के गेमिंग स्पेस का भी तेजी से विस्तार हो रहा है। भारतीय खेल भी इन दिनों दुनिया-भर में लोकप्रिय हो रहे हैं । कुछ महीने पहले मैंने भारत के अग्रणी खिलाड़ियों के साथ मुलाकात की थी, तब मुझे, भारतीय खेल की अदभुत रचनात्मकता और गुणवत्ता को जानने-समझने का मौका मिला था। वाकई, देश में रचनात्मक ऊर्जा की एक लहर चल रही है । एनिमेशन की दुनिया में ‘मेड इन इंडिया ’ और ‘मेड बाइ इंडियंस’ छाया हुआ है । आपको ये जानकर खुशी होगी कि आज भारत के प्रतिभा, विदेशी उत्पादों का भी अहम हिस्सा बन रहे हैं । अभी वाली स्पाइडर मैन हो या ट्रांस्फोर्मर, इन दोनों सिनेमा में हरिनारायण राजीव के योगदान को लोगों ने खूब सराहा है। ”
उन्होंने कहा आज हमारे युवा भारतीय मूल सामग्री, जिसमें हमारी संस्कृति की झलक होती है, तैयार कर रहे हैं । इन्हें दुनिया-भर में देखा जा रहा है । एनिमेशन क्षेत्र आज एक ऐसे उद्योग का रूप ले चुका है कि जो दूसरे उद्योगों को ताकत दे रहा है, जैसे, इन दिनों वीआर टूरिज्म बहुत मशहूर हो रहा है। आप वर्चुअल टूर के माध्यम से अजंता की गुफाओं को देख सकते हैं, कोणार्क मंदिर के गलियारे में टहल सकते हैं, या फिर, वाराणसी के घाटों का आनंद ले सकते हैं । ये सभी वीआर एनिमेशन भारत के रचनाकारों ने तैयार किए हैं ।
उन्होंने कहा, “ मैं भारत के युवाओं से कहूँगा – अपनी रचनत्मकता को विस्तार दें । क्या पता दुनिया का अगला सर्वश्रेष्ठ एनिमेशन आपके कंप्यूटर से निकले ! अगला वायरल खेल आपकी रचना हो सकता है! इसी 28 अक्टूबर को यानि कल ‘विश्व एनिमेशन दिवस’ भी मनाया जाएगा । आइए, हम भारत को वैश्विक एनिमेशन पावर हाउस बनाने का संकल्प लें ।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *