चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने सूचना प्रौद्योगिकी(आईटी) सम्बंधी योजनाओं के जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन हेतु विधानसभा सदस्यों के लिए 17 मई को प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में 14 आईटी परियोजनाओं के सम्बंध में विधायकों को जानकारी दी जाएगी ताकि विधायक जनहित से जुड़ी इन परियोजनों को जमीनी स्तर पर क्रियान्वित कर सके और ज्यादा से ज्यादा लोगों को भी जागरूक कर सकें। इस कार्यक्रम में ग्राम दर्शन, नगर दर्शन, मुख्यमंत्री राहत कोष और आपात आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, पीला राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, हरियाणा इंजीनियरिंग वर्क्स पोर्टल, ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी, परिवार पहचान पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, ई-खरीद और ऑटो अपील सॉफ्टवेयर को लेकर विशेषज्ञों द्वारा विधायकों को जानकारी मुहैया कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर कहा कि प्रत्येक नागरिक को घर बैठे ही सेवाओं और अधिकारों का लाभ मिले, इसलिए सरकार ने पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के उत्थान का संकल्प लिया है और सरकार स्वयं इस व्यक्ति तक पहुँच रही है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर कहा जाता है कि ‘प्यासा कुएं के पास जाता है परन्तु अब ऐसा नहीं होगा अब सरकारी कुआं हर प्यासे के घर-द्वार जाएगा और उसको उसका हक देगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना है। हम सरकारी कामकाज में मानवीय हस्तक्षेप को कम करना चाहते हैं और प्रौद्योगिकी के अधिक उपयोग के साथ एक फेसलेस सिस्टम बनाना चाहते हैं।
