गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इंडिया – युएई ने रक्षा सहयोग बढाने पर चर्चा की

नई दिल्ली: भारत और संयुक्त अरब अमीरात ने रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढाने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की।
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय में चीफ ऑफ द फोर्स डिवलेपमेंट एथोरिटी के प्रमुख मेजर जनरल स्टाफ हसन मोहम्मद सुल्तान बानी हम्माद और रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार ने एक बैठक में रक्षा सहयोग बढाने के उपायों पर बात की। जनरल हम्माद ने भारत-यूएई संयुक्त रक्षा सहयोग समिति की 11वीं बैठक के बारे में भी रक्षा सचिव को जानकारी दी।
रक्षा सहयोग समिति की बैठक की सह-अध्यक्षता संयुक्त सचिव (सशस्त्र बल) दिनेश कुमार और जनरल हम्माद ने की। इस बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने सेनाओं के बीच परस्पर गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की। इनमें संयुक्त अभ्यास, विशेषज्ञों का आदान-प्रदान, उद्योग सहभागिता और अनुसंधान एवं विकास के क्षेत्र में सहयोग शामिल हैं। इसके अलावा रक्षा उद्योग के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को लेकर संयुक्त उद्यम के लिए संभावनाओं का पता लगाने और परस्पर हित के क्षेत्रों की पहचान करने का निर्णय भी लिया गया।
सहयोग समिति की अगली बैठक संयुक्त अरब अमीरात में अगले वर्ष होगी। जनरल हम्माद ने एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय में एकीकृत रक्षा स्टाफ के उप प्रमुख (नीति नियोजन और सैन्य विकास) लेफ्टिनेंट जनरल अतुल्य सोलंकी से भी मुलाकात की। संयुक्त अरब अमीरात के प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय रक्षा उद्योगों के साथ भी बातचीत की और गाजियाबाद स्थित भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड का दौरा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *