भारतीय जीवन बीमा निगम मार्च 2022 को समाप्त वित्त वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही में उसका समेकित लाभ 2,409.39 करोड़ रुपये रहा जो एक वर्ष पूर्व इसी अवधि से 17.41 प्रतिशत कम है। देश की इस सबसे बड़ी बीमा कंपनी ने एक बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2020-21 की जनवरी-मार्च तिमाही में उसने 2,917.33 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। वर्ष 2021-22 की चौथी तिमाही में एलआईसी की शुद्ध प्रीमियम आय 1,44,158.84 करोड़ रुपये थी, जबकि इससे पिछले वर्ष इसी तिमाही में शुद्ध प्रीमियम आय 1,22,290.64 करोड़ थी। इस तरह वार्षिक आधार पर प्रीमियम आय में 17.88 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी।
गौरतलब है कि एलआईसी हाल ही में अपनी प्रारंभिक सार्वजनिक शेयर पेशकश (आईपीओ) के साथ शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुई है। इस कंपनी ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए शुद्ध लाभ 38.68 प्रतिशत की छलांग के साथ 4,124.70 करोड़ रुपये रही। इससे पिछले वित्त वर्ष के दौरान शुद्ध लाभ 2,974.13 करोड़ रुपये था। वित्तीय वर्ष 2021-22 में एलआईसी की शुद्ध प्रीमियम आय इससे पिछले वर्ष के 4,05,398.49 करोड़ रुपये की तुलना में 4,29,500.76 करोड़ रुपये रही। एलआईसी के निदेशक मंडल ने वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में 31 मार्च, 2022 को समाप्त वर्ष के लिए प्रत्येक दस रुपये के अंकित मूल्य के शेयर पर 1.50 रुपये की दर से लाभांश की सिफारिश की है। एलआईसी का शेयर सोमवार को बीएसई में 1.89 प्रतिशत बढ़कर 837.05 रुपये पर बंद हुआ।
