लखनऊ: देश के 16वें राष्ट्रपति के चुनाव के लिये दिल्ली सहित सभी राज्यों में हो रहे मतदान के तहत उत्तर प्रदेश विधान सभा में बनाये गये मतदान केन्द्र पर आज पूर्वनिर्धारित समयानुसार मतदान शुरु हो गया। मतदान में हिस्सा लेने के लिये राज्य के अधिकांश विधायक लखनऊ पहुंच चुके हैं। विधानसभा के तिलक हॉल में बनाये गये मतदान केन्द्र पर सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हो गया। उल्लेखनीय है कि राज्य विधान मंडल में 403 विधान सभा के और 100 सदस्य विधान परिषद के हैं। पहले मतदान करने वालों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल रहे। गौरतलब है कि सुबह 10 बजे से सायं 05 बजे तक मतदान होगा। सत्तारूढ़ राजग ने पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को और विपक्ष की ओर से पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद के लिये उम्मीदवार बनाया है।
