गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

राष्ट्रपति पर अधीर रंजन की टिप्पणी पर ओडिशा विधानसभा में हंगामा

भुवनेश्वर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी पर विपक्ष भारतीय जनता पार्टी ने ओडिशा विधानसभा में जोरदार हंगामा किया जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष विक्रम केशरी अरुख ने सदन की कार्यवाही को चार बजे तक स्थगित कर दिया। भाजपा सदस्यों के विरोध के कारण प्रश्नकाल नहीं चल पाया और सदन में स्थगन प्रस्ताव की स्वीकार्यता पर बहस नहीं हो सकी। भाजपा प्रमुख सचेतक मोहन मांझी ने अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों के लिए कड़ी निंदा की। भाजपा सदस्यों ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी मांगने और अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
विधानसभा अध्यक्ष ने हालांकि सदस्यों से सदन के बीचोंबीच नहीं आने और अपनी सीट पर जाने तथा सदन की कार्यवाही में भाग लेने का अनुरोध किया, लेकिन आंदोलनकारी भाजपा सदस्यों ने इसकी अनदेखी गयी और श्री चौधरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। अध्यक्ष ने उनसे शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाने का अनुरोध किया लेकिन भाजपा सदस्यों ने एक न मानी और जैसे ही विरोध जारी रहा विधानसभ अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को दस बजकर 34 मिनट से शाम चार बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद भाजपा सदस्यों ने पोस्टर और तख्तियां लेकर सोनिया गांधी से माफी मांगने और अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर सदन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। सदन के बाहर बीजू जनता दल के सदस्य राजकिशोर दास ने कहा श्री चौधरी का बयान निंदनीय और अस्वीकार्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *