नई दिल्ली: भारतीय पुलिस सेवा के तमिलनाडु कैडर के अधिकारी संजय अरोड़ा ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के पुलिस आयुक्त का पदभार ग्रहण कर लिया। संजय अरोड़ा 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, जिन्होंने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का नेतृत्व करने के अलावा अति विशिष्ट लोगों को सुरक्षा मुहैया कराने वाले एसपीजी के गठन समेत कई महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के शीर्ष पुलिस अधिकारी के पद से 1984 बैच के गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी राकेश अस्थाना के सेवानिवृत्त होने के बाद 57 वर्षीय अरोड़ा ने कमान संभाली। राकेश अस्थाना ने एक साल पहले दिल्ली पुलिस की कमान संभाली थी। संजय अरोड़ा दिल्ली पुलिस आयुक्त के तौर पर सेवा देने वाले दूसरे गैर एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश-गोवा-मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश) कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि 1978 में दिल्ली पुलिस अधिनियम पारित होने के बाद से तीसरे हैं।
