सूरत: गुजरात में सूरत शहर के पूणा क्षेत्र में एक बस से चार लाख रुपये से अधिक की अवैध शराब बरामद करके दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि सूचना के आधार पर पूणा केनाल रोड़ पर सायोना प्लाजा के सामने आशापुरा लग्जरी ट्रेवल्स की बस की तलाशी ली गयी। इस दौरान उसमें से शराब के 4,824 पाउच, दो मोबाइल फोन और बस जब्त करके बस के दो चालकों को पकड़ लिया गया। जब्त शराब की कीमत 4,82,400 रुपये, मोबाइल फोन की कीमत 20,000 रुपये और बस की कीमत 10,00,000 रुपये आंकी गयी है। पकड़े गए दो लोगों की पहचान राजस्थान के उदयपुर निवासी महेन्द्रसिंह बा. धनावत (23) और रतनसिंह रा. राठोड़ (28) के रूप में की गयी है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
