नयी दिल्ली, : केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (एनआईयूए) और यूनाइटेड नेशन इन इंडिया (यूएनइंडिया) के दिव्यांगों, महिलाओं और वृद्ध व्यक्तियों की बेहतरी के लिए किये जा रहे उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा है कि वह इन संस्थाओं के कार्यक्रमों और क्षमताओं से बहुत प्रभावित हैं।
श्री पुरी ने स्मार्ट सोलूशन्स चैलेन्ज एंड इन्क्लूसिव सिटीज अवार्ड 2022 कार्यक्रम में कहा कि सर्वोत्तम समाधान हमेशा सरल होते हैं और वह ऐसा करने वाले एनआईयूए और यूएनइंडिया के समाज के कमजोर वर्ग के जीवन में बदलाव लाने की उनकी क्षमता से प्रभावित हैं। श्री पुरी ने कहा, “मैं अभिनव समाधानों की रचनात्मक क्षमता के साथ-साथ दिव्यांगों, महिलाओं और वृद्ध व्यक्तियों के जीवन को बदलने की इन संस्थानों की क्षमता से बहुत प्रभावित हूं। इनके प्रयास सभी कमजोर समुदायों के लिए सुरक्षित, समावेशी, सुलभ जीवन प्रदान करने मददगार होंगे।”
भारत में संयुक्त राष्ट्र के रेजिडेंट कोऑर्डिनेटर शोम्बी शार्प ने कल यहां आयोजित इस कार्यक्रम में कहा, “हमें भारत सरकार, नागरिक समाज संगठनों, नवप्रवर्तनकर्ताओं, निजी क्षेत्र और अन्य भागीदारों के साथ साझेदारी करने का अवसर प्राप्त हुआ है। इससे किसी को पीछे न छोड़ने के इस महत्वपूर्ण दृष्टिकोण को आगे बढ़ाया जा सके।”
इस कार्यक्रम में देश के शीर्ष शिक्षाविदों, विषय विशेषज्ञों और नवप्रवर्तकों के साथ ‘समावेशी के लिए नवाचार और प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने’ की आवश्यकता पर एक विशेषज्ञ पैनल चर्चा भी आयोजित की गयी।
एनआईयूए, यूएनइंडिया के कार्यक्रम बहुत सराहनीय: पुरी
