नयी दिल्ली : रत्न एवं आभूषण पर आधारित उत्तर भारत के सबसे बड़े अंतर्राष्ट्रीय आभूषण व्यापार शो दिल्ली ज्वैलरी एंड जेम फेयर (डीजेजीएफ) के10वें संस्करण की आज यहां शुरूआत हुयी। भारत के प्रमुख बी2बी कार्यक्रम के आयोजक इंफोर्मा मार्केट्स द्वारा आयोजित और 12 सितंबर तक प्रगति मैदान में चलन वाले इस फेयर में आभूषण व्यवसाय उद्योग के 350 से अधिक प्रदर्शक भाग ले रहे हैं।
विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने इस फेयर का शुभारंभ किया है। इस मौके पर आयोजक कंपनी के प्रबंध निदेशक योगेश मुद्रास ने कहा “उत्तर भारत का हमारा सबसे प्रसिद्ध और सबसे बड़ा बी2बी ज्वैलरी शो इस साल अपने 10वें संस्करण में है। यहाँ रत्न और आभूषण उद्योग हमारी नई पहल के साथ डीजेजीएफ के अनूठे उत्सव का गवाह बनेगा। जिसमे डीजेजीएफ शक्ति, रिटेल ज्वैलर्स गिल्ड अवार्ड्स, फैशन शो, पावर ऑफ यंग अवार्ड्स, डीजेजीएफ संवाद सहित 10 महत्वपूर्ण कार्यक्रम की श्रृंखला भी आयोजित की जा रही है।
तीन दिवसीय एक्सपो में 1200 से अधिक पारंपरिक, आधुनिक और इनोवेटिव डिजाइनर ब्रांड और 1,00,000 से अधिक अद्वितीय डिजाइन प्रदर्शित किए जा रहे हैं। मेले में उद्योग जगत के विशेषज्ञों द्वारा कई विश्व स्तरीय कार्यशालाओं और अंतर्दृष्टिपूर्ण सेमिनारों का आयोजन किया जा रहा है। फेयर ज्वैलर्स, आयात और निर्यात व्यापारियों और अन्य प्रमुख उद्योग हितधारकों के लिए एक उपयुक्त व्यापार मंच प्रदान कर रहा है।
दिल्ली ज्वेलरी एंड जेम फेयर प्रगति मैदान में शुरू
