गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पूनियां ने पैदल यात्रा कर रामदेव मंदिर में की प्रदेश में खुशहाली की कामना

जैसलमेर : राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने आज जैसलमेर जिले में शक्ति स्थल पोकरण से रामदेवरा तक करीब 11 किलोमीटर पैदल यात्रा कर लोकदेवता बाबा रामदेव मंदिर में दर्शन किए और प्रदेश एवं देश की खुशहाली एवं तरक्की की कामना की। डॉ. सतीश पूनियां ने पोकरण स्थित जाज्वला माताजी के दर्शन कर रामदेवरा तक पैदल यात्रा पूरी कर बाबा रामदेव मंदिर पहुंचे और मंदिर में दर्शन कर प्रदेश-देश, पार्टी परिवार की खुशहाली एवं तरक्की की कामना की।
उन्होंने बाबा रामदेव मंदिर में दर्शन कर राजस्थान में अगले वर्ष भाजपा की प्रचंड बहुमत सरकार बनाने और इसके एक साल बाद वर्ष 2024 में प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटें जीतने का संकल्प पूरा करने के लिए कामना की। इस अवसर पर उन्होंने दावा करते हुए कहा कि प्रचंड बहुमत के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2024 में तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
डा पूनियां ने वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव (आमेर) की विजय के लिए मंगलकामना के लिए पदयात्रा का संकल्प लिया था जो आज पूरा हुआ। यह उनकी धार्मिक यात्रा थी और उन्होंने बिना किसी को सूचित किये और बिना तामझाम के सहज आस्था के भाव से की, हालांकि बाद में जब लोगों को पता चला तो पार्टी के स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इसमें शामिल हो गए। पैदल यात्रा में डॉ. पूनियां के साथ संत प्रताप पुरी महाराज, जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश शारदा, विधायक पब्बाराम विश्नोई, पूर्व विधायक शैतान सिंह राठौड़ एवं छोटू सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष जुगल किशोर व्यास, नगर पालिका चेयरमैन मनीष पुरोहित, प्रधान भगवत सिंह, एवं स्थानीय पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता साथ रहे।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले डा पूनियां ने गत जुलाई में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करने के लिए मां त्रिपुरा सुंदरी जी से बेणेश्वर धाम तक 45 किलोमीटर आदिवासी गौरव पदयात्रा निकाली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *