नई दिल्ली : बाहरी दिल्ली के मुंडका स्थित एक अपार्टमेंट में सीवर की सफाई के दौरान , ड्यूटी पर तैनात, दो कर्मचारियों की मौत के बाद दिल्ली सरकार की तरफ से किसी तरह की सहायता राशि की घोषणा नहीं होने पर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बेरहम और निरंकुश करार दिया है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ नरेश कुमार ने आज बक्करवाला के लोक नायक पुरम में जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के बाद दिल्ली सरकार से दोनों कर्मचारियों रोहित और अशोक के परिजनों को एक एक करोड़ रूपए सहायता राशि तथा उनकी विधवाओं को सरकारी नौकरी देने की उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना तथा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मांग की है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल दूसरे राज्यों में जाकर इस प्रकार के हादसों में जान गवाने वालों को एक करोड़ का मुआवजा देकर वाहवाही बटोर कर मीडिया में छाए रहने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं लेकिन जहां वह सत्ता में हैं, उन्हें वहां के लोगों की कोई सुध नहीं हैं।
डॉ कुमार ने कहा कि श्री केजरीवाल की कथनी और करनी में अंतर है और वह यह नौटंकी मीडिया में छाए रहने के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि उस हादसे के दो दिन बाद भी ना तो मुख्यमंत्री कार्यालय, ना दिल्ली सरकार का कोई नुमाइंदा पीड़ित परिवारो से मिलने आया है जो साबित करता है कि राजा के लिए गरीब प्रजा की जान की कोई कीमत नहीं हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने क्षेत्रीय सांसद प्रवेश कुमार वर्मा के यहां नहीं आने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह अपने क्षेत्र में लोगों से मिलने भी नहीं आते हैं जो उनके असली चेहरे की पोल खोलता है। उन्होंने कहा कि पिता साहिब सिंह वर्मा के निधन के बाद लोगों की सहानुभूति से राजनीति में आने वाले प्रवेश वर्मा में अगर थोड़ी बहुत इंसानियत जिंदा होती तो कम से कम वह अपने क्षेत्र में लोगों से मिलने जरूर आते, लेकिन वह सिर्फ झूठ की राजनीति करने में लगे हुए हैं।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार तथा पार्टी की तरफ से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष नजफगढ़ सतबीर शर्मा, पूर्व निगम पार्षद सुरेश पहलवान तथा अन्य लोग भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा कि यहां से आम आदमी पार्टी विधायक महेंद्र यादव को भी इस घटना की कोई सुध नहीं है और इस तरह की लापरवाही बताती है कि दिल्ली की सरकार आम लोगों के लिए नहीं बल्कि खास लोगों के लिए हैं।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बेरहम और निरंकुश : कांग्रेस
