गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मुख्य सचिव ने सरकारी नौकरियों में भर्ती प्रक्रिया में तेज़ी लाने की दी हिदायतें

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्य सचिव विजय कुमार जंजूआ ने विभिन्न विभागों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक करके सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में तेज़ी लाने पर ज़ोर दिया है। श्री जंजूआ ने गुरुवार को यहां कहा कि सरकार पहले दिन से ही नौजवानों को रोज़गार देने के लिये प्रयासरत है। नौजवानों को विदेशों में जाने से रोकने के लिए मुख्यमंत्री की तरफ से अधिक से अधिक नौजवानों को पंजाब में ही रोज़गार मुहैया करवाने के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मुख्य सचिव ने सभी विभागों को समय पर भर्ती मुकम्मल करने की हिदायतें दीं।
उन्होंने कहा कि जिन भी विभागों में भर्ती प्रक्रिया चल रही है, उसे समय पर मुकम्मल करने की तरफ विशेष ध्यान दिया जाये जिससे अधिक से अधिक लड़के- लड़कियों को रोज़गार के मौके प्रदान किये जा सकें। उन्होंने हिदायतें की कि सारी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाये। बैठक में मुख्य सचिव को बताया गया कि अलग-अलग 24 विभागों में 26 हज़ार 454 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है।

जिन विभागों में भर्ती की जानी है उनमें गृह विभाग (पुलिस), स्कूली शिक्षा (अध्यापकों की भर्ती), सेहत, बिजली, तकनीकी शिक्षा, वित्त विभाग, ग्रामीण विकास, सहकारी विभाग और जल सप्लाई विभाग प्रमुख हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि नयी भर्ती से जहाँ नौजवान लड़के-लड़कियों को रोज़गार मिलेगा वहीं प्रशासनिक स्तर पर भी सरकार की कारगुज़ारी और अच्छी होगी। नयी भर्ती से सरकारी कामकाज में और ज्यादा तेज़ी आयेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *