सीतापुर : उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के थाना सिधौली अंतर्गत बीती देर रात एक ट्रैक्टर ट्राली एवं ट्रक की भिड़ंत में 4 लोगों की मृत्यु हो गई और 24 लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिये।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि रात में लगभग एक बजे हुए इस हादसे के घायलों को उपचार हेतु सीतापुर जिला चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस के अनुसार जिला शाहजहांपुर, थाना रोजा के हटोरा गांव से एक ट्रैक्टर ट्राली में 40 लोग सवार होकर देवा हजरत वारिस अली शाह बाबा के दर्शन करने जा रहे थे। सिधौली कस्बे में राजमार्ग पर अचानक एक अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर ट्राली के ड्राइवर इजरायल समेत चार लोगों की मृत्यु हो गई और 24 अन्य घायल हो गए।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी सिधौली लाया गया। बाद में इनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उपचार हेतु जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस ने अभियोग दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरु कर दी है। देर रात हुई इस घटना के कारण यातायात अवरुद्ध हो गया जिसे सुबह तक सुचारू करा दिया गया।
सीतापुर : ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉली की भिड़ंत में चार की मौत, 24 घायल हुए
