गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

अधिकारियों को योजनाओं का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से करने के निर्देश

हिसार : हरियाणा में हिसार लोकसभा क्षेत्र सांसद बृजेन्द्र सिंह ने जिले के अधिकारियों को जनहित के कल्याणानार्थ क्रियान्वित योजनाओं/कार्यक्रमों का क्रियान्वयन बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए हैं ताकि नागरिकों को योजनाओं का लाभ सुचारु ढंग से मिल सके। श्री सिंह शनिवार को लघु सचिवालय परिसर स्थित सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ले रहे थे।

बैठक में राज्यसभा सांसद डीपी वत्स, बरवाला के विधायक जोगीराम सिहाग, मेयर गौतम सरदाना, उपायुक्त उत्तम सिंह, नगर-निगम के आयुक्त प्रदीप दहिया तथा अतिरिक्त उपायुक्त नीरज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
उन्होंने बताया कि जल-जीवन मिशन के तहत जिले के 300 गांवों में 410 करोड़ 58 लाख 39 हजार रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नए जलघरों एवं बुस्टिंग स्टेशनों का निर्माण पेयजल की पाईप लाइन बिछाने के अतिरिक्त विभिन्न कार्यों को सम्पन्न करवाया जाएगा, ताकि गांवों एवं ढाणियों में लोगों को पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
नाबार्ड के तहत छ: गांवों बुडाक, बासड़ा, गौरछी, सरसाना, किरतान, बालसमंद तथा महाग्राम योजना के तहत विभिन्न सात गांवों में पेयजल एवं सीवरेज व्यवस्था का समूचित प्रबंध किया जा रहा है। इन सात गांवों में सीसवाल, सदलपुर, बालसमंद, नंगथला, बिठमड़ा, कापड़ो तथा पेटवाड़ शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के एक लाख 58 हजार 899 किसानों को 11वीं किस्त के रूप में 31 करोड़ 77 लाख 98 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।

प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत अनुसूचित जाति की जनसंख्या 50 प्रतिशत या इससे अधिक आबादी वाले गांवों को विकास कार्य करवाने हेतु गोद लिया जाता है। इन गांवों में पेयजल, गलियों का निर्माण, सोलर लाइट सहित विभिन्न कार्यों के लिए प्रत्येक गांवों को 20 लाख रुपये प्रदान किये जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *