प्रतापगढ़ : उत्तर प्रदेश में नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिये योगी सरकार द्वारा चलाये गये राज्यव्यापी अभियान के तहत प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों के तीन तस्करों को 1.35 कुंतल अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि थानाध्यक्ष देल्हूपुर धीरेन्द्र ठाकुर ने अपनी पुलिस टीम के साथ चैकिंग के दौरान शनिवार को रात में तीन तस्करों को गांजे की खेप के साथ पकड़ा।
चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना के मुताबिक प्रतापगढ़ एवं प्रयागराज की सीमा पर देल्हूपुर गांव के पास 03 व्यक्तियों को 27 बंडलों के साथ पकड़ा। प्रत्येक बण्डल में 05 किग्रा अवैध गांजा रखा गया था। गांजा तस्करों की पहचान अमेठी निवासी कपिल गिरी पुत्र राम नारायण, प्रतापगढ़ निवासी मनीष सिंह पुत्र विनोद सिंह और रायबरेली निवासी, शिव कुमार पुत्र मनबोधन के रूप में हुयी है।
पुलिस ने इनके पास चार पहिया डीसीएम वाहन भी जब्त किया है। बरामद गांजा की कीमत लगभग 7 लाख रुपया है। इस संबंध में थाना देल्हूपुर में आपराधिक मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया गया।
