गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पराली जलाने की घटनाएं रोकने के लिए सभी उपायुक्तों को हिदायतें जारी : जंजूआ

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्य सचिव विजय कुमार जंजूआ ने सभी उपायुक्तों को पराली जलाने की घटनाओं को हर हाल में रोकने के लिए अपने-अपने जिलों में प्रबंध करने को कहा है। उन्होंने गुरुवार को सभी उपायुक्तों और उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की तरफ से किसानों को जागरुक करने के लिए विशेष यत्न किये जा रहे हैं। पराली और अवशेष जलाने की दर को और कम करने और पराली प्रबंधन के लिए हैपी सिडर और ऐसे अन्य यंत्रों/मशीनों की खरीद के लिए किसानों की वित्तीय मदद की जा रही है।
मुख्य सचिव ने कहा कि वातावरण दूषित होने से बचाने के लिए राज्य सरकार पराली को जलाने की जगह इसके प्रबंधन की तरफ विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को समझाया जाये कि यदि पराली जलाने वाले किसी किसान के राजस्व रिकार्ड में रेड एंट्री हो जाती है तो इससे वह बहुत सी सरकारी स्कीमों और योजनाएं प्राप्त करने से वह वंचित हो सकता है। पराली जलाने से उत्तरी भारत में जो प्रदूषण का स्तर बढ़ता है, उससे पंजाब को राष्ट्रीय स्तर पर बदनामी झेलनी पड़ती है, इसलिए किसानों को हर हाल में पराली जलाने की जगह उसके प्रबंधन के लिए समझाया जाना चाहिए।
उन्हाेंने कहा कि जिन गाँवों में पहले भी फसलों के अवशेष को आग लगाने के मामले सामने आए हैं, वहाँ प्रशासन ज़्यादा चौकसी इस्तेमाल करे। किसानों को स्कूलों में पढ़ते बच्चों द्वारा भी समझाया जाये कि पराली को आग लाने से बच्चों को ‘ गंदा और प्रदूषित’ भविष्य मिलेगा। इस साल पराली जलाने के मामले हर हालत में रोके जाएँ और इस बारे में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बैठक में कृषि विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व विभाग और प्रदूषण बोर्ड के उच्च अधिकारी भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *