चंडीगढ़ : पंजाब सरकार लुधियाना के हैबोवाल डेयरी कॉम्लैक्स में एक और कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) संयंत्र स्थापित करेगी, जिससे इस डेयरी परिसर से गोबर और अन्य वेस्ट का वैज्ञानिक ढंग से निपटारा करके साफ़-स्वच्छ ऊर्जा तैयार की जा सके। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत मंत्री अमन अरोड़ा ने सोमवार को यहां बताया कि पंजाब ऊर्जा विकास एजेंसी (पेडा) ने हैबोवाल डेयरी कॉम्पलैक्स में बिल्ड ऑपरेट एंड ओन (बी. ओ. ओ.) के आधार पर 12000 रॉ बायो गैस (लगभग 4.8 टन सी. बी. जी.) की क्षमता वाला एक और कम्प्रेस्ड बायोगैस (सी.बी.जी.) प्लांट स्थापित करने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस डेयरी परिसर में 225 टन कच्चे माल की खपत की क्षमता वाला एक सीबीजी प्लांट पहले ही चल रहा है। उन्होेंने कहा कि यह परियोजना बुड्डे नाले के कायाकल्प सम्बन्धी परियोजना का ही हिस्सा है। सरकार कूड़े और अवशेष से वातावरण अनुकूल ऊर्जा पैदा करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी और राज्य के लोगाें के लिए स्वच्छ और हराभरा वातावरण यकीनी बनाने के लिए इस दिशा में ठोस प्रयास किये जा रहे हैं।
श्री अरोड़ा ने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत डेयरी कंपलैक्स से पशुओं का गोबर इकट्ठा किया जायेगा। इस परियोजना के लिए गोबर की कमी होने पर सब्जियों या मंडी के कूड़े, म्युनिसिपल सैगरीगेटिड ग्रीन वेस्ट, एग्रो-वेस्ट या अन्य किस्मों के बायो-डीग्रेडेबल कूड़े का प्रयोग किया जायेगा। पेडा ने सीबीजी संयंत्र लगाने के लिए ई-टैंडर निकाले हैं जिसके लिए बोली की आखिरी तारीख़ 26 अक्टूबर है।
