नैनीताल : भारत-नेपाल सीमा पर अस्थायी फड़ लगाने को लेकर सोमवार को कुछ देर के लिये गतिरोध उत्पन्न हो गया। नेपाल के व्यापारियों ने विरोध दर्ज किया लेकिन प्रशासन की मदद से मामला शांत हो गया। बताया जा रहा है कि भारत-नेपाल सीमा पर स्थित ब्रह्मदेव मंदिर के समीप कथित नो मेंस लैंड में नेपाल के एक व्यक्ति की ओर से अस्थायी फड़ लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद बेचा जा रहा था।
इसी दौरान सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) ने नो मेंस लैंड का हवाला देते हुए फड़ हटवा दिया। बताया जा रहा है कि इसी से नेपाल के लोग नाराज हो गये और विरोध करने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान उत्पन्न गतिरोध से ब्रह्मदेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालु भी दर्शन को नहीं जा सके।
कुछ देर बाद दोनों देशों के अधिकारियों की मदद से मामला शांत हो गया। उप जिलाधिकारी हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि मामला शांत है। उन्होंने बताया कि मान्यता है कि पूर्णागिरी जाने वाले श्रद्धालु नेपाल के ब्रह्मदेव के दर्शन भी करते हैं। तभी यात्रा पूरी मानी जाती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु दोनों जगह आसानी से यात्रा कर रहे हैं।
