नयी दिल्ली : देश में कोविड-19 के मामले दिनोंदिन कम हो रहे हैं। पिछले 24 घंटें में कोरोना वायरस से 4,972 लोगों को मुक्ति मिली है और देश भर में अब तक कुल 4,40,09,525 लोगों की सेहत में सुधार हो चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि सुबह सात बजे तक 217.96 करोड़ टीके दिये जा चुके हैं और पिछले 24 घंटे में कोविड-19 सक्रिय मामलों के आंकड़ों में 1379 की कमी आई है, जिससे अब संक्रिय मरीजों का आंकड़ा घटकर 40979 रह गया और दैनिक संक्रमण दर 1.12 प्रतिशत है।
सक्रिय मामलों की दर 0.10 प्रतिशत है और मृत्यु दर 1.19 फीसदी पर बरकरार है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना महामारी संक्रमण से ग्रसित 3,615 नये मरीजों की पुष्टि हुई है, जिससे अब संक्रमित मरीजों का कुल आंकड़ा बढ़कर 4,45,79,088 हो गया। इसी अवधि में देश में संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 98.72 प्रतिशत हो गयी है।
पिछले 24 घंटों में कोरोना महामारी से 14 मरीजों की मौत हो गयी जिससे देश भर में अब मृतकों की संख्या 528584 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 3,23,293 कोविड परीक्षण किए गये हैं। जिसके बाद कुल परीक्षणों की संख्या 89.44 करोड़ से अधिक हो चुकी हैं।
पिछले 24 घंटों में सात राज्यों और तीन केन्द्र शासित प्रदेश में कोराना के मामलों में बढ़ोतरी हुई है और अन्य राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों में इसके मामलों में कमी देखी गयी है। पिछले 24 घंटे में राष्ट्रीय राजधानी में 14 मामले बढ़े हैं, जिससे संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 386 हो गया है। इस महामारी से निजात पाने वालों की कुल संख्या 1976232 पर स्थिर बनी रही। इसी अवधि में मृतकों का आंकड़ा 26501 पर बरकरार है।
तमिलनाडु में कोरोना वायरस ने फिर गति पकड़ी, जिससे यहां कोरोना के 35 संक्रमित मामले बढ़कर 5472 हो गए हैं और इस बीमारी से निजात पाने वालों की संख्या 3537998 हो गयी है। और मृतकों का संख्या 38046 पर बरकरार है। पश्चिम बंगाल में कोरोना के 54 मरीजों की संख्या बढ़ने से, अब यह संख्या 3099 हो गयी है और इस बीमारी से निजात पाने वालों की संख्या 2089066 हो गयी है। राज्य में इसी दौरान दो मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 21501 तक पहुंच गई।
इसी दौरान आन्ध्र प्रदेश में भी 10 सक्रिय मरीज पाए जाने से, अब इनकी संख्या बढ़कर 221 हो गयी है। इस वायरस से ठीक होने वालों का आंकड़ा बढ़कर 2323255 हो गया है और मृतकों का आंकड़ा 14733 तक पहुंच गई है। त्रिपुरा में कोरोना महामारी के 10 नए मामले आने से संक्रमितों की संख्या 29 हो गई और स्वस्थ लोगों का आंकड़ा बढ़कर 106820 हो गया है, जबकि मृतकों की संख्या 938 पर बरकरार है।
केरल में भी 733 मामले घटने से संक्रमितों की संख्या 12113 रह गई है। इस महामारी से निजात पाने वालों की कुल संख्या 6718062 पर स्थिर बनी रही। इसी अवधि में मृतकों का आंकड़ा 71118 पर बरकरार है। महाराष्ट्र में कोरोना के 139 मामले घटे हैं, जिससे अब राज्य में मरीजों का कुल आंकड़ा घटकर 3502 रह गया है। इस वायरस से ठीक होने वालों का आंकड़ा बढ़कर 7968174 हो गया है और मृतकों का आंकड़ा 148333 तक पहुंच गया है।
कर्नाटक में 252 कोरोना सक्रिय मामले कम होने से, इनकी कुल संख्या 2760 रह गयी है और राज्य में कोविड-19 से निजात पाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 4021041 हो गया है। इस अवधि में मृतकों का आंकड़ा 40281 पर बरकरार है। राजस्थान में पिछले 24 घंटे में कोरोना महामारी के 74 मामलों में गिरावट आने से अब राज्य में घटने वालों की संख्या 566 रह गई है और इस महामारी से निजात पाने वालों की संख्या 1302778 पर ही बरकरार रही।
राज्य में कोरोना महामारी से एक मरीज की जान जाने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 9640 हो गया। पंजाब में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमण के 41 मामले घटकर 182 रह गए हैं और अब तक 763814 लोग इस महामारी से मुक्त हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में एक मरीज की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 17914 पहुंच गया है।
