गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

प्रयागराज में खुलेंगे दो सुपर स्पेशिलिटी स्वास्थ्य केंद्र

प्रयागराज : प्रयागराज के छावनी क्षेत्र में दो सुपर स्पेशिलिटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुलेंगे। स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे इलाज की सुविधा मिलेगी। सुबह-शाम ओपीडी चलेगी। स्वास्थ्य केंद्र पर दवाइयां भी मुफ्त मिलेंगी। दावा है कि उत्तर प्रदेश में इस तरह की स्वास्थ्य सेवा शुरू करने वाला प्रयागराज पहला केंद्र होगा। दोनों स्वास्थ्य केंद्र जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से खोला जाएगा। नए छावनी क्षेत्र में सुपर स्पेशिलिटी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने के लिए छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी मोहम्मद समीर इस्लाम ने मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी नानक सरन को पत्र भेजा है।

इससे पहले इस प्रस्ताव की छावनी बोर्ड से स्वीकृति ली गई। मुख्य अधिशासी अधिकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग से मिलने वाली दवाइयां मरीजों को निशुल्क वितरित होंगी। अन्य दवाइयां 50 फीसदी रियायत पर मिलेंगी। छावनी बोर्ड के नामिक सदस्य विनोद कुमार बाल्मीकि ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर हर महीने पांच लाख की दवा निशुल्क दी जाएगी। इनके अलावा 24 घंटे 108 एंबुलेंस सेवा उपलब्ध होगी।

कई रेलकर्मी डेंगू की चपेट में, यूनियन नेता डीआरएम से मिले
रेलवे अस्पताल में भी डेंगू के कई मरीज भर्ती हुए हैं। रेलकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों के डेंगू की चपेट में आने का मामला तूल पकड़ने लगा है। डेंगू के बढ़ते प्रकोप पर रेलवे यूनियन नेताओं में नाराजगी है। यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि रेलवे कॉलोनी में गंदगी फैलने और साफ सफाई न होने से डेंगू फैला है। मामले में मंगलवार को नार्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ के मंडल सचिव चंदन सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल डीआरएम मोहित चंद्रा से मिला। चंदन सिंह ने डीआरएम से शिकायत किया कि कॉलोनियों में साफ सफाई, दवाओं का छिड़काव नहीं किया गया है।
जिले में कोरोना के आठ नए संक्रमित मिले
जिले में मंगलवार को 2726 लोगों के कोरोना टेस्ट में आठ नए संक्रमित मिले। इस दिन सात संक्रमित स्वस्थ भी हुए। जिसके बाद जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 29 पहुंच गई है।
डेंगू के सात नए मरीज मिले
जिले में मंगलवार को डेंगू के सात नए मरीज मिले हैं। इसमें भगवतपुर, मऊआइमा, दरियाबाद, कटरा और अशोक नगर से एक-एक मरीज तथा नैनी से दो पीड़ित मिले हैं। जिले में अभी तक डेंगू संक्रमित 140 लोग मिल चुके हैं। 26 लोगों का इलाज अभी भी अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *