अयोध्या : उत्तर प्रदेश के अयोध्या में साधु का वेश धारण किये एक युवक ने सोमवार को सरयूू के तट पर पूजा के बाद नदी में समर्पित करने के लिये अपने हाथ का पंजा काट दिया। युवक ने बताया कि उसने बिहार सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार से परेशान होकर इस समस्या से निजात पाने के लिये सरयू में अपना हाथ काटकर समर्पित करने का संकल्प लिया था। पुलिस के अनुसार अपने ही हाथ से अपना हाथ काटने के बाद युवक सड़क पर गिरकर तड़पने लगा। आनन फानन में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक वह बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है। उसका नाम विमल कुमार है। उसका कहना है कि वह बिहार सरकार के भ्रष्टाचार से काफी परेशान है, इसलिए उसने सरयू में अपना पंजा चढ़ाने के लिये उसे काट दिया।
विमल कुमार ने पुलिस को बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार को उसने कई बार पत्र लिखा, परन्तु कोई सुनवाई नहीं हुई। तब उसने प्रण किया कि जिस हाथ से पत्र लिखा था, उसे श्रीराम की नगरी अयोध्या में सरयू तट पर रामलला को समर्पित कर देगा।
उसने बताया कि वह एक समाजसेवी है। उसने बिहार सरकार में भ्रष्टाचार की शिकायत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी की थी। फिर भी कोई कार्रवाई न होने से वह दुखी था। जिससे आज उसने अयोध्या में आ कर पूूजा के दौरान अपना दाहिना हाथ सरयू के किनारे काट दिया।
यह दृश्य इतना विचलित करने वाला था कि जिसने देखा वह सकते में आ गया। विमल कुमार ने बताया कि एक महीना पांच दिन पहले मुख्यमंत्री नितीश कुमार के साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उसने शिकायती पत्र दिया था। जिसमें एक अक्टूबर तक कार्रवाई करने की उसने मांग की थी। उसकी शिकायत पर जब कोई कार्यवाही नहीं हुई तो इससे नाराज होकर वह अयोध्या आया और फिर उसने यह कदम उठाया।
अयोध्या : बिहार सरकार के भ्रष्टाचार से परेशान युवक ने सरयू में चढ़ाने को काटा पंजा
