भोपाल : मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल आज यहां गुजरात समाज भवन के नवनिर्मित हॉल का लोकर्पण किया और गुजराती समाज के गरबा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान वह अष्टमी के अवसर पर मां अंबे की आरती में भी सम्मिलित हुए। आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री पटेल समाज के 75 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों का सम्मान किया।
समाज के प्रतिभाशाली और मेधावी कक्षा 10वीं 12वीं के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि संगठन को बनाना और बनाएं रखना महत्वपूर्ण कार्य है। गुजराती समाज भोपाल के अध्यक्ष संजय पटेल और कार्यकारिणी निष्ठा और समर्पण के साथ सफलतापूर्वक यह कार्य कर रहे हैं। उन्होंने समाज के बुजुर्गों और प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करने को अनुकरणीय पहल बताया। समाज द्वारा सम्मानित वरिष्ठ नागरिकों को दीर्घ जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह शतायु हों। सदैव स्वस्थ और प्रसन्न रहें।
उन्होंने नवरात्रि के पावन पर्व और गरबा महोत्सव की महत्ता को बताते हुए कार्यक्रम में सम्मिलित सभी गुजराती भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। गुजराती समाज के द्वारा कार्यक्रम में राज्यपाल श्री पटेल को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समाज के अध्यक्ष संजय पटेल ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने भोपाल में गुजराती समाज की गतिविधियों का ब्यौरा दिया।
