गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

सुरक्षाकर्मी की बंदूक से गलती से चली गोली, व्यक्ति की मौत

श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में बुधवार को एक सुरक्षा कर्मी की बंदूक से गलती से गोली चल जाने के कारण कथित तौर पर एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) विकास कुमार ने एक ट्वीट में बताया, “पुलवामा में ड्यूटी के दौरान एक सुरक्षाकर्मी की राइफल गलती से चल गई, जिसमें पोटेरवाल शोपियां गांव का आसिफ अहमद नामक एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।”
उन्होंने बताया कि इस घटना से संबंधित मामला दर्ज करके, सुरक्षाकर्मी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने हत्या को केंद्रीय गृह मंत्री की कड़ी सुरक्षा से जोड़ा। उन्होंने ट्वीट किया,“कश्मीर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित की गई थी लेकिन फिर भी पुलवामा के आसिफ ने अपने प्राण गवां दिए। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के लिए हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *