श्योपुर : मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले में दो दिन से लगातार हो रही बारिश के चलते गढ़ी और ऊपचा गांव के बीच पडऩे वाले नाले के ऊपर से चल रहे तेज बहाव पानी में सवारियों से भरी बस के पलटने से उसमें सवार 24 यात्री घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बस में 40 यात्री सवार थे। जिनमें से 24 यात्री घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विजयपुर में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम नीरज शर्मा, एसडीओपी निर्भय सिंह अलावा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जेसीबी की सहायता से बस को नाले से निकाला। इससे पहले ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर बस में फंसी सवारियों को बाहर निकाल लिया। बस सबलगढ़ से विजयपुर आ रही थी। रास्ते में बारिश से उफने नाले में चालक की लापरवाही से पलट गई। बस पलटते ही चीख पुकार मच गई। समय रहते ग्रामीणों ने बस में फंसी सवारियों को बचा लिया।
कोई जनहानि नहीं हुई। दो दर्जन सवारियों के शरीर में पानी भरने एवं चोटिल होने से उनको स्थानीय प्रशासन की मदद से विजयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए भेजा गया। बस में सबसे ज्यादा यात्री कैलादेवी मां के दर्शन कर वापस लौटने वाले यात्री थे। पानी से सड़क पूरी तरह डूबी हुई थी। बस चालक को सड़क नहीं दिख रही थी इसके बाद उसने बस को निकाला। बस चालक बस को छोड़कर भाग गया।
