भरतपुर : राजस्थान के करौली में रोडवेज बस की टक्कर से आज बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई तथा उसका पति घायल हो गया। करौली के सहायक पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद मीणा ने बताया कि रामकेश अपनी पत्नी प्रियंका के साथ करौली से तेसगांव की ओर जा रहा था इस दौरान कैलादेवी की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रियंका (19) निवासी अरोदा मासलपुर की मौके पर मौत हो गई।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने, रोडवेज बस को जब्त कर ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। थानाधिकारी डॉ. उदयभान के साथ मौके पर पहुंचे मीणा ने करीब डेढ़ घंटे तक समझाइश कर ग्रामीणों को शांत किया। हादसे के बाद पुलिस दल भी मौके पर पहुंचा और शव को हॉस्पिटल लेकर जाने लगा लेकिन एम्बुलेंस के मौके पर नहीं आने के कारण लोगों ने फिर से हंगामा कर दिया जिसके बाद पुलिस ने निजी एम्बुलेंस की मदद से शव को हॉस्पिटल पहुंचाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले में पुलिस ने बस ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। बस को जब्त कर हिंडौन थाने में रखवाया गया है।
रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, पति घायल
