गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

खराब मौसम : उच्च हिमालयी क्षेत्र में पर्यटकों के प्रवेश पर रोक

नैनीताल : उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश व खराब मौसम को देखते हुए पिथौरागढ़ जिला प्रशासन ने उच्च हिमालयी क्षेत्र में पर्यटकों के प्रवेश पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। पर्यटक किसी भी हालत में बिना अनमुति के प्रवेश नहीं कर पायेंगे। जिला अधिकारी डा. आशीष चौहान ने शनिवार को आये भूकंप के झटकों व खराब मौसम को देखते हुए यह निर्णय लिया है। उन्होंने अधिकारियों के साथ वर्चुअली बैठक के दौरान सख्ती से इसका पालन करने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड़ में रहने के भी निर्देश दिये।
श्री चौहान ने आपदा के लिहाज से बेहद संवेदनशील धारचूला प्रशासन को भी संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाये रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिये तैयार रहने के निर्देश दिये हैं। इस दौरान उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को खराब मौसम को देखते हुए उच्च हिमालयी क्षेत्र में साहसिक व किसी भी तरह के पर्यटन गतिविधि पर रोक लगाने और बिना अनुमति के पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी है।

उन्होंने जिलाधिकारियों को इसका सख्ती से पालन करने को भी कहा है। गौरतलब है कि इन दिनों उच्च हिमालयी क्षेत्र में हो रही भारी बारिश से स्थिति भयावह हो गयी है। चीन सीमा को जोड़ने वाले आधा दर्जन मार्ग जगह जगह मलबा आने से अवरूद्ध हो गये हैं। इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात भी शुरू हो गया है। ऐसे में हिमालयी क्षेत्र में जाना किसी खतरे से खाली नहीं है। प्रशासन ने इसी को देखते हुए आदि कैलाश यात्रा को भी फिलहाल स्थगित करने के निर्देश दिये हैं और आदि कैलाश यात्रियों को धारचूला से आगे जाने की अनुमति नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *