खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के जैतापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में आज पांच व्यक्तियों को ले जा रही कार पुल से नदी में गिर गई। खरगोन के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) राकेश मोहन शुक्ला ने बताया कि बीजलपुर के समीप भोराखेड़ी नदी के पुल की रेलिंग तोड़ कार 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी। ग्रामीणों के पहुंचने पर कार में सवार दो युवक और तीन युवतियां बाहर निकले और वहां से चले गए। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि कार की गति काफी तेज थी।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री और जैतापुर पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण आर्य ने नदी में रस्सी की सहायता से जाकर कार का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कार किसी धार निवासी व्यक्ति की है और इसमें सवार लोगों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। जैतापुर पुलिस चौकी प्रभारी प्रवीण आर्य ने बताया कि पुलिस दल ने खरगोन के शासकीय व निजी अस्पतालों का भी निरीक्षण किया किंतु उक्त पांचों व्यक्ति कहीं नहीं दिखाई दिए।
पांच व्यक्तियों को ले जा रही कार नदी में गिरी
