श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में घायल सेना के श्वान दस्ते के सदस्य ‘जूम’ ने गुरुवार को श्रीनगर स्थित पशु चिकित्सा अस्पताल में दम तोड़ दिया और सेना ने भी शुक्रवार को उसे श्रद्धांजलि अर्पित कर उसके बलिदान को याद किया। ‘जूम’ सोमवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान घायल हो गया था जिसमें लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी मारे गए थे।
श्रीनगर स्थित रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि चिनार कोर के सभी जवानों और अधिकारियों की ओर से चिनार युद्ध स्मारक, बादामी बाग छावनी में एक भव्य समारोह में, लेफ्टिनेंट जनरल एडीएस औजला, जनरल ऑफिसर कमांडिंग चिनार कोर ने वीर सैनिक ‘जूम’ को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि 10 अक्टूबर को अनंतनाग में अभियान के दौरान ‘जूम’ ने न केवल आतंकवादियों के सटीक स्थान की पहचान करने में, बल्कि उनमें से एक को मौत के घाट उतारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
प्रवक्ता ने कहा,“इस प्रक्रिया में निडर ‘जूम’ को दो गोलियां लगीं। घायल होने के बावजूद, ‘जूम’ ने दूसरे छिपे हुए आतंकवादी का पता लगाया और लक्ष्य क्षेत्र से वापस लौट आया तथा गंभीर रूप से रक्त गिरने के कारण बेहोश हो गया। उसकी कार्रवाई ने टीम को लश्कर के दोनों आतंकवादियों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई करने के लिए प्रेरित किया।” बाद में जवान ‘जूम’ को तुरंत श्रीनगर के सेना के पशु चिकित्सा अस्पताल में ले जाया गया, जहां वह अंत तक लड़ता रहा। ‘जूम’ ने 13 अक्टूबर की सुबह 11:50 बजे अंतिम सांस ली।
प्रवक्ता ने कहा,“आर्मी कैनाइन जूम चिनार वारियर्स का एक अमूल्य सदस्य था। दो साल की अपनी छोटी उम्र के बावजूद, जूम कई सीटी (आतंकवाद विरोधी) अभियानों का अनुभवी था, जहां उसने अपनी ऊर्जा और साहस से खुद को प्रतिष्ठित किया था। ‘जूम’ के रूप में चिनार कोर ने एक बहादुर टीम सदस्य खो दिया है जो सभी रैंकों को विनम्रता, समर्पण और साहस के साथ अपना काम करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।”
जुलाई के बाद से कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान में मारे जाने वाला ‘जूम’ श्वान दस्ते का दूसरा सदस्य था। इससे पहले ‘एक्सल’ नामक श्वान ने एक मुठभेड़ में अपनी जान कुर्बान कर दी। गत 30 जुलाई को कश्मीर के बारामूला जिले के वानीगंबाला में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान सेना के श्वान दस्ते का सदस्य ‘एक्सल’ मारा गया था।
सेना ने श्वान सैनिक ‘जूम’ को दी श्रद्धांजलि
