मुंबई : वैश्विक स्तर से मिले सकारात्मक संकेतों के साथ ही घरेलू स्तर पर आईटी, टेक, बैंकिंग, वित्तीय सेवा समूह की कंपनियों में हुयी लिवाली के बल पर शेयर बाजार गिरावट से उबरते हुये आज तूफानी तेजी से बढ़त बनाने में सफल रहा। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 684.64 अंकों की तेजी लेकर 57919.97 अंक पर और एनएसई का निफ्टी 171.35 अंकों की बढ़त के साथ 17185.70 अंक पर रहा।
बीएसई में दिग्गज कंपनियों में लिवाली हुयी वहीं छोटी और मझौली कंपनियां दबाव में दिखी जिससे स्मॉलकैप लगभग सपाट 28522.85 अंक पर रहा जबकि मिडकैप 0.13 प्रतिशत उतरकर 24709.86 अंक पर रहा। बीएसई में शामिल समूहों में से बढ़त में रहने वालों में आईटी 1.72 प्रतिशत, बैंकिंग 1.71 प्रतिशत, वित्तीय सेवायें 1.60 प्रतिशत और टेक 1.56 प्रतिशत प्रमुखता से शामिल है। गिरावट में रहने वालों में पावर 1.34 प्रतिशत, तेल एवं गैस 1 प्रतिशत, धातु 0.27 प्रतिशत और एनर्जी 0.77 प्रतिशत शामिल है।
बीएसई में कुल 3593 कंपनियों में कारोबार हुआ जिसमें से 1830 हरे निशान में जबकि 1616 लाल निशान में रही। इस दौरान 147 में कोई बदलाव नहीं हुआ। वैश्विक स्तर पर सभी प्रमुख सूचकांक हरे निशान में रहा। इसमें जापान का निक्केई 3.25 प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 1.84 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग 1.21 प्रतिशत, जर्मनी का डैक्स 1.11 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.10 प्रतिशत शामिल है।
