गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पंजाब पुलिस ने जेल में बंद दो गैंगस्टरों द्वारा बताए गए ठिकानों से छह पिस्तौल किये बरामद

फतेहगढ़ साहिब : पंजाब पुलिस ने आज जेल में बंद दो गैंगस्टरों द्वारा बताये गये अलग-अलग ठिकानों से दो विदेशी पिस्तौल समेत छह पिस्तौल बरामद किये गए हैं। बरामद किये गए पिस्तौलों में ऑस्ट्रिया का बना 9 एम एम ग्लौक पिस्तौल, चीन का बना सीएफ-98 पिस्तौल और चार देसी .315 बोर के पिस्तौलों समेत 12 कारतूस शामिल हैं। डीआईजी रोपड़ रेंज-कम-एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि तरनजोत सिंह उर्फ तन्ना को थाना सरहिन्द में धारा 384, 120बी और 25/54/59 के अंतर्गत दर्ज एफआईआर में नामज़द किया गया था।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि तन्ना को पाकिस्तान स्थित आईएसवाईएफ के प्रमुख लखबीर सिंह रोडे उर्फ बाबा द्वारा सरहद पार से भेजी गई 11 आधुनिक हथियारों की खेप मिली थी, जिसमें से पुलिस ने नौ हथियार बरामद किये हैं और दो अभी भी उसके पास थे। लोपोके (अमृतसर) में उसके दोस्त के घर से एक सीएफ-98 पिस्तौल और दो .315 बोर के पिस्तौल बरामद किये गए।
एसएसपी फ़तेहगढ़ साहिब डॉ रवजोत गरेवाल ने बताया कि तरनजोत तन्ना के खुलासे पर पुलिस द्वारा कपूरथला जेल से एक और गैंगस्टर जसपाल सिंह उर्फ जस्सी को भी लाया गया और होशियारपुर से उसके एक साथी लाडी के घर से दो देसी पिस्तौलों समेत बाकी बचा ग्लौक पिस्तौल बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बरामदगी के साथ सीआईए फतेहगढ़ साहिब की टीम ने लखबीर रोडे द्वारा पाकिस्तान से भेजी गई हथियारों की खेप में शामिल सभी हथियारों को बरामद कर लिया है।
ज्ञातव्य है कि तरनजोत तन्ना का नाम हाल ही में जिला बठिंडा से सम्बन्धित एक फिरौती केस में भी सामने आया था, जिसमें गोल्डी बराड़, मनप्रीत उर्फ मन्ना और तरनजोत उर्फ तन्ना ने बठिंडा के एक कारोबारी से फिरौती ली थी। इस मामले में दिल्ली स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किये गए शूटरों ने तन्ना का नाम उजागर किया था। ज्ञातव्य है कि सरहद पार उनके संबंधों का पता लगाने के लिए अगली जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *