गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मॉर्निंग वॉक पर निकले हार्डवेयर व्यापारी का अपहरण

बुलंदशहर : उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खुर्जा में शनिवार को सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले हार्डवेयर व्यापारी राजकुमार अग्रवाल का कार में सवार बदमाशों अपहरण कर लिया। दिन दहाड़े व्यापारी के अपहरण की घटना से इलाके में सनसनी बनी हैं वही व्यापारियों में रोष भी है। पुलिस के अनुसार खुर्जा के मोहल्ला गोयनका में रहने वाले 60 वर्षीय अग्रवाल कर नगर के कबाड़ी बाजार में हार्डवेयर का बड़ा व्यापार है।

वह रोजाना सुबह के समय कॉलेज रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए जाते हैं। उनके परिजनों ने बताया कि वह आज सुबह 6:00 बजे के लगभग घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले। घर से थोड़ी दूर निकलते ही कार में सवार बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया। बदमाश उनको जबरन कार में बिठाकर अज्ञात स्थान की ओर ले गये।
इस वारदात की सूचना मिलने पर खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस और पुलिस क्षेत्राधिकारी दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे। जिला मुख्यालय से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार भी मौके पर पहुंच गए। कुमार ने बताया कि व्यापारी के अपहरण की सूचना पर जिले की सीमाओं को सील कर आने जाने वाले वाहनों की जांच के आदेश दिए गए हैं। कॉलेज रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि व्यापारी की सकुशल बरामदगी और अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की हैं। उन्होंने बताया कि व्यापारी के परिवार की ओर से अभी तक किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं मिली है। अपहरणकर्ताओं के द्वारा अभी तक फिरौती आदि की मांग भी नहीं की गई है।

कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। व्यापारी के अपहरण से कारोबारी संगठनों में रोष व्याप्त है। व्यापारी सुरक्षा फोरम के प्रांतीय महासचिव अनिल देशभक्त ने पुलिस से व्यापारी की सकुशल वापसी की मांग करते हुए अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *