गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पान व्यवसाई के शव को रखकर चक्काजाम

खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बिस्टान में दुर्घटना में मृत पान व्यवसाई के शव को कथित तौर पर पुलिस की कमजोर कार्रवाई के विरोध में आज चित्तौड़गढ़ भुसावल राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन किया गया। बिस्टान के पान व्यवसाई रितेश जैन को अपनी दुकान से घर आने के दौरान दो दुपहिया वाहन चालकों ने टक्कर मार दी थी, जिसके चलते कल रात्रि इंदौर में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी।
आज नागरिकों और परिजनों ने उनके शव को चित्तौड़गढ़ भुसावल राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि पूरी जानकारी होने के बावजूद पुलिस आरोपियों को चिन्हित नहीं कर रही है। उन्होंने एसडीएम को भी प्रदर्शन स्थल पर बुलाने की मांग की। खरगोन के एसडीएम ओम नारायण सिंह बड़कुल ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर नागरिकों को समझाइश दी। उन्होंने आवश्यक कार्यवाही के और मृतक के परिजनों को शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए भी उन्हें आश्वस्त किया। इसके उपरांत नागरिकों का प्रदर्शन समाप्त हुआ।
बिस्टान के थाना प्रभारी रमेश तिवारी ने बताया कि 7 अक्टूबर की रात्रि दुकान से घर लौटने के दौरान एक दो पहिया वाहन सवार ने पान व्यवसाई रितेश को टक्कर मार दी थी जिसके चलते हुए सड़क पर गिर गए थे। इसके बाद एक अन्य दुपहिया सवार ने उन्हें कुचल दिया था। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर की रात को ही प्रकरण दर्ज कर लिया गया था और आज दोनों दुपहिया वाहन सवार आरोपियों सुनील वर्मा और अनिल राठौड़ को गिरफ्तार भी कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *