भीलवाड़ा : राजस्थान में भीलवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र में कोदूकोटा के एक बंगाली डॉक्टरसे पांच लाख रुपए की फिरौती की मांग करने वाले चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से दो युवक हरियाणा में रहकर आये हैं, जो वहां की भाषा जानते हैं और इन लोगों ने इसी भाषा को इस्तेमाल बंगाली को धमकाने में किया ।
पुलिस उपाधीक्षक रामचंद्र चौधरी ने बताया कि कोदूकोटा में क्लिनिक चलाने वाले बंगाली डॉक्टर भक्तो मुजुमदार (45) ने गत दिनों सदर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई कि उसके मोबाइल वाट्सएप्प पर शाम साढ़े पांच बजे अनजान नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने उससे पांच लाख रुपये की फिरौती की रकम मांगी। दो घंटे में रकम नहीं मिलने पर पूरे परिवार को मारने की धमकी दी। अनजान बदमाश ने परिवादी के बेटे राज के स्कूल आने-जाने का टाइम टेबल भी बताया।
रिपोर्ट में बताया कि वह इस धमकी के मिलने के बाद घर से रिपोर्ट देने थाने जाने के लिए निकला। तभी दुबारा वॉटसएप्प कॉल आया। मुजुमदार का कहना था कि मोबाइल पर जिस व्यक्ति ने उसे धमकी देकर फिरौती मांगी है। उसने अपने आप को विश्नौई गैंग से जुड़ा बताया है। पुलिस ने इस मामले की जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर चार युवकों को दबोचा। इनमें नारायण जाट, राहुल ब्राह्मण, रोशन ब्राह्मण एवं मुकेश गुर्जर शामिल हैं। पुलिस ने इन युवकों से गहन पूछताछ की तो इन्होंने उक्त वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पांच लाख की फिरौती की मांग करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार
