पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में आयोजित पीईटी परीक्षा के दौरान रविवार को बेनहर कॉलेज में कक्ष निरीक्षक ने क्रास चेकिंग के दौरान सॉल्वर गैंग के एक कथित सदस्य को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। सदर कोतवाली पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सॉल्वर गैंग का सदस्य ब्रजेश सिंह पुत्र राजकुमार जिला लखीमपुर के अमीरनगर का रहने वाला है। वह अभ्यर्थी आकाश कुमार पुत्र ओमप्रकाश के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।
पीलीभीत के एएसपी पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि परीक्षा के दौरान छात्र की आईडी चेक की गई। इसमें उसके नाम की भिन्नता पाई गई, आरोपी छात्र को हिरासत में लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ जारी है। सीओ सिटी सुनील दत्त ने बताया कि ब्रजेश सिंह नाम के युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह किसी दूसरे युवक के स्थान पर परीक्षा देने आया था।
पीईटी परीक्षा में पकड़ा गया सॉल्वर गैंग का एक सदस्य
