श्रीनगर : सुरक्षा बलों ने सोमवार को जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के एक निवासी को हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया है। सुरक्षा बलों ने कहा कि एक विशिष्ट जानकारी के आधार पर कुपवाड़ा के हाजित्रा करनाह निवासी मोहम्मद शफी शेख के घर पर छापा मारकर हथियार और गोला-बारूद जब्त किया गया और उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा जारी एक बयान में कहा गया कि पूछताछ के दौरान शफी ने खुलासा किया कि उसने घर के सिलाई मशीन में हथियार और गोला-बारूद छिपाकर रखा है। तलाशी के दौरान एक पिस्तौल, दो मैगजीन और दो ग्रेनेड बरामद किए गए। पुलिस ने कहा कि शेख को बाद में गिरफ्तार किया गया और इस मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना है। शेख के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच चल रही है। पुलिस ने कहा कि शेख के खिलाफ पहले से ही वर्ष 2021 में इसी तरह का एक मामला दर्ज किया गया था जिसमें वह मुकदमे का सामना कर रहा है।
कुपवाड़ा निवासी हथियार व गोला-बारूद समेत गिरफ्तार
