खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिला मुख्यालय पर आज 8 विभागों की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रूप से संचालित हो रहे दो तंबाकू कारखानों और एक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। खरगोन के एसडीएम ओम नारायण सिंह ने बताया कि आज की गई कार्रवाई में खंडवा रोड स्थित तीन मंजिला मकान और खसखस वाडी क्षेत्र के मकान और गोडाउन में तंबाकू का अवैध भंडारण पकड़ा गया है। इन तीनों स्थानों को सील कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक कारखाने से 42 लाख रुपए की 5932 किलो तंबाकू जब्त की गई है जबकि खसखस वाड़ी के मकान और गोडाउन से 83 बोरे तंबाकू पाए गए हैं, जिनकी जांच जारी है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग के अलावा ड्रग ,नाप तौल, श्रम, नगर पालिका, विद्युत वितरण कंपनी, पुलिस और राजस्व विभाग सम्मिलित थे। उन्होंने बताया कि कारखाने की तीनों मंजिलों पर श्रमिकों द्वारा तंबाकू पैकिंग से जुड़े कार्य किए जा रहे थे ।
बिना अनुमति कारखाना संचालित करने को लेकर श्रम विभाग द्वारा लेबर एक्ट के तहत तथा अ सत्यापित कांटे का उपयोग करने पर नाप तौल विभाग द्वारा प्रकरण भी बनाए गए। जांच के दौरान अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे जाने पर उपलब्ध नहीं कराए गए । उन्होंने बताया कि बड़ी मात्रा में टैक्स चोरी भी संभावित है।
