भिंड : मध्यप्रदेश के भिंड जिले के भारौली थाना क्षेत्र में दो युवकों ने एक नाबालिग लडके को अर्धनग्न करके बेरहमी से डंडो से मारपीट की। इतना ही नहीं पिटाई के दौरान उसका वीडियो भी बनाया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के भारौली खुर्द में रहने वाले 17 वर्षीय नाबालिग का दो दिन पहले दो युवकों से विवाद हो गया। इसके बाद 15 अक्टूबर को गांव के रहने वाले भूरे राजावत और शिवम राजावत, नाबालिग को अकेला पाकर पकड़ लिया। दोनों ने नाबालिग को पकड़ कर बीहड़ की ओर ले गए। दोनों आरोपियों ने नाबालिग की जमकर पिटाई की। आरोपियों ने नाबालिग को पेड़ से बांधकर उसके कपड़े उतार दिए और डंडे से मारने लगे। इस दौरान आरोपियों ने वीडियो भी बनाया। मारपीट के इस वीडियो को आरोपियों ने सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
जब लोगों ने इसे लेकर आरोपियों को फोन करना शुरू किया तो वीडियो को हटा दिया। वीडियो को देख फरियादी पक्ष के लोग थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमार कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आज दोनों आरोपियों को सिद्ध बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया और इनके पास से 315 बोर के दो कट्टे और चार कारतूस भी बरामद किए।
नाबालिग से मारपीट के दो आरोपी गिरफ्तार
