फतेहाबाद : हरियाणा में फतेहाबाद जिला के गांव खैराती खेड़ा में अपने दो पुत्रों की हत्या के आरोपी पिता ने कल रात फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक करीब डेढ़ महीना पहले ही उच्च न्यायालय से जमानत मंजूर होने के बाद जेल से घर आया था। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेजा।
पुलिस को सूचना मिली थी कि खैराती खेड़ा निवासी 50 वर्षीय शीशपाल का शव उसके घर में रस्सी से लटका हुआ है। पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और शव को उतारकर जांच शुरू की। परिजनों ने पुलिस कि बताया कि शीशपाल कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली।
ज्ञातव्य है कि शीशपाल पर वर्ष 2014 में अपने दो पुत्रों की हत्या का आरोप लगा था। पुलिस ने दोहरी हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। इसी मामले में वह जेल में बंद था। अब वह करीब डेढ़ महीने पहले ही उच्च न्यायालय से जमानत मंजूर होने के बाद बाहर आया था। मृतक शीशपाल की पत्नी पुत्री के पास रह रही है। बताया गया था कि अपने घरेलू कलह के चलते शीशपाल ने अपने नाबालिग दो बेटों की हत्या कर दी। अब मानसिक रूप से परेशानी के कारण उसने खुद की जान ले ली। शीशपाल इन दिनों घर पर अकेला ही रह रहा था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि खैराती खेड़ा गांव में एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौक़े पर पहुंची और घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम की टीम को बुलाया। शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
दो पुत्रों के हत्यारोपी पिता ने की आत्महत्या
