गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

नाँगल चौधरी नगर में स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

जगह-जगह भव्य स्वागत के लिए नगरवासियों ने की पुष्पवर्षा

कपिल शर्मा /गौरवशाली भारत

नाँगल चौधरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने नगर के विभिन्न वार्ड और प्रमुख बाजारों से परंपरागत ढंग से रविवार को पथ संचलन किया। इस पथ संचलन में 130 स्वयंसेवक उपस्थित रहे। जिसमें 111 स्वमंसेवक पूर्ण गणवेश में संचलन किया। इस दौरान मुख्य वक्ता एवं भिवानी विभाग के सह विभाग कार्यवा नरेश पथ संचलन में शामिल हुए। उन्होंने संघ की स्थापना की परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए हिंदू समाज को जागृत एवं संगठित करने का आह्वान किया।

उन्होंने संघ को विविधता में एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि, संघ कार्य ईश्वरीय कार्य है। संघ में जाति-पाति और भेदभाव नहीं होता बल्कि सब स्वमंसेवक समान होते हैं। संघ का मूल उद्देश्य भारत को परम वैभव की ओर ले जाना है। मुख्य वक्ता नरेश ने राष्ट्र निर्माण का संदेश देते हुए कार्यकर्ताओं को पूर्ण गणवेश में पथ संचलन करवाया। पथ संचलन के दौरान जगह-जगह स्वमं सेवकों का भव्य स्वागत करते हुए वार्ड 11, 10, 08 पुराना बाजार समेत गाँधी बाजार में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा कर लोगों ने पथ संचलन का स्वागत किया।

बता दें कि, संघ की स्थापना वर्ष 1925 में 27 सितंबर को विजयदशमी के दिन हुई थी। यह वर्ष संघ स्थापना का 97वां वर्ष है। संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने कहा था कि हम जन्म दिवस मनाने के लिए संघ की स्थापना नहीं कर रहे हैं। हम शक्ति की उपासना के लिए संघ की स्थापना कर रहे हैं। आज समाज जाग चुका है। हमें शाखा का विस्तार करना और हमें फिर से भारत को विश्व गुरु बनाना है। संघ ने 100 वर्ष पूर्ण होने तक पूरे देश में हर ग्राम / बस्ती में शाखा विस्तार का लक्ष्य रखा है।

रविवार को नगर में पथ संचलन की परिक्रमा में नगर विधायक अभय सिंह यादव भी पूर्ण गणवेश में दिखाई दिए। इस दौरान भाजपा के हरियाणा से महेन्द्रगढ़ जिला महामंत्री दयाराम यादव भी उपस्थित रहे। यह संचलन सरस्वती स्कूल से प्रारंभ होते हुए मुकुंद दास मार्ग, कोटपूतली रोड़, नारनौल बस स्टैंड से निजामपुर रोड़, थाना मोड़, गाँधी बाजार, पुराना बाजार, होली चौक होते हुए पुन: सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय में प्रवेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *