महिला के बेटे का चाचा से हुआ था विवाद, बदला लेने को 4 साल के बच्चे को मारकर बोरी में भर दी लाश
हरदोई : हरदोई के मधौगंज इलाके में मासूम की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। जिसमें मृतक की ताई ने बच्चों के विवाद में मासूम का कत्ल किया है। चाचा कौशल और चचेरे भतीजे सचिन के बीच विवाद हुआ था। इसी से आहत होकर कौशल के परिवार को सबक सिखाने के लिए रामवती ने कृष्णा को मौत के घाट उतारा है। माधौगंज थाना क्षेत्र के इकसई में पांच दिन पूर्व हुई मासूम की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। जिसमें मृतक की ताई ने पारिवारिक विवाद में भतीजे कृष्णा का कत्ल किया है। पुलिस के मुताबिक कंचे खेलने को लेकर कृष्णा के चाचा कौशल व सचिन में विवाद हुआ था। जिसमें कौशल ने सचिन का चुटहिल हाथ मरोड़ दिया था।
यह बात सचिन ने अपनी मां रामवती को बताई तो इससे आहत उसकी मां ने कौशल के परिवार को सबक सिखाने की ठान ली। तभी कौशल का 4 वर्षीय भतीजा कृष्णा चबूतरे पर खेल रहा था। उसे रामवती ने अपने घर बुलाया और अपने घर के पिछले हिस्से में ले गई, जहां पर भूसा पड़ा हुआ था। वहां मासूम को जोर से धक्का मारा। जिससे उसका सिर का पिछला हिस्सा दीवार से टकरा गया और उसकी मौके पर मौत हो गई।
हत्या के बाद ताई ने कृष्णा के मुंह में भूसा भर दिया और एक पास में पड़ी बोरी में भर दिया। जिसके बाद दूसरे कमरे में जाकर बोरी को बक्से के पास रख दिया। इस पूरे मामले को घर में किसी को नहीं बताया। पुलिस की सघन चेकिंग को देखते हुए रामवती घबरा गई और पकड़े जाने के डर से मासूम के शव को इकबाल मिस्त्री के पास झाड़ियों में छिपा दिया। जिसके बाद प्लास्टिक की बोरी को अपने गौड़ा में छिपा दिया। रामवती की निशानदेही पर पुलिस ने एक प्लास्टिक की बोरी को बरामद किया है और आरोपी ताई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
हरदोई में ताई ने की भतीजे की हत्या
