गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जम्मू-कश्मीर में बंधक हैं बिहार के 11 बच्चे

परिवार से कहा- 1.20 लाख लाओ, बच्चे को ले जाओ
पटना :
बिहार के 11 नाबालिग बच्चों को नौकरी का झांसा देकर जम्मू-कश्मीर में बंधक बना लिया गया है। इन बच्चों को मजदूरी के नाम पर जम्मू-कश्मीर ले जाया गया था। ये सभी बच्चे शेखपुरा के रहने वाले हैं। बच्चों को छोड़ने के बदले एक-एक बच्चे के परिवार से 1 लाख 20 हजार रुपए की डिमांड रखी गई है। परिवार ने 3 दिन पहले सरकार से बच्चों को छुड़ाने की गुहार लगाई थी। 3 दिन बाद सरकार ने बच्चों को वापस लाने के लिए निर्देश जारी किए हैं।
श्रम संसाधन मंत्री सुरेंद्र राम ने कश्मीर में बंधक शेखपुरा जिले के अरियारी प्रखंड स्थित पानापुर ग्राम के गरीब परिवार के कुल 11 नाबालिग को मुक्त कराने के लिए आदेश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी नाबालिग से जबरन काम कराना गैर कानूनी और अनुचित है।
मिली सूचना के अनुसार, शेखपुरा जिले के सभी 11 बच्चों को काम दिलाने के नाम पर दिल्ली के रास्ते कश्मीर ले जाया गया। 9682589578 नंबर से बच्चों के परिवार वालों को कॉल किया गया और छोड़ने के लिए एवज में 1,20,000 /- की मांग की गई। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और श्रम विभाग हरकत में आया और इस पर सख्त कार्रवाई करके बच्चों को रिहा करने आदेश दिए।
मंत्री सुरेंद्र राम ने बताया कि सूचना प्राप्त होने के बाद शेखपुरा जिले के श्रम अधीक्षक, जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक और विभाग के अन्य अधिकारियों को इस मामले में उचित कार्रवाई का निर्देश देते हुए सभी 11 बच्चों को सकुशल रिहाई का निर्देश दिया है। इस संबंध में मंत्री ने संयुक्त श्रमायुक्त, बिहार भवन, नई दिल्ली और संत नगर, जम्मू – कश्मीर, सेक्टर – 26 के संबंधित अधिकारियों से भी संपर्क स्थापित कर नाबालिग बच्चों को मुक्त कराने का आग्रह किया।
इस संबंध में शेखपुरा के जिला अधिकारी ने एक पुलिस टीम का गठन किया है, जो जम्मू – कश्मीर से सभी 11 नाबालिग बच्चों को मुक्त कराएंगे। श्रम मंत्री ने कहा कि बाल श्रम अपराध है, इसकी अवहेलना करने वाले दंड के भागी हैं और ऐसा करने वालों पर कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता शेखपुरा जिले के अरियरी प्रखंड स्थित पानापुर ग्राम के गरीब परिवार के बच्चों को सकुशल घर वापसी कराया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *