चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के लीलापुर के समीप नेशनल हाईवे पर बने नाले में शुक्रवार को दो दिन से लापता युवक का शव मिट्टी में दबा मिला। उसका गर्दन धारदार हथियार से कटा था। इससे हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के सेरूका गांव निवासी 30 वर्षीय शैलेंद्र भारती मुख्यालय स्थित जिओ कंपनी में रिटेलर का काम करता था। वह दो दिन पहले से लापता था। उसकी बाइक गुरुवार को लावारिश हालत में लीलापुर के पास पुलिस ने बरामद किया था। परिजन युवक की खोजबीन में जुटे थे। पुलिस भी कार्रवाई में जुटी हुई थी। इस बीच शुक्रवार की सुबह लीलापुर गांव के समीप ही नेशनल हाईवे के नाले में मिट्टी से दबा युवक का शव ग्रामीणों ने देखा।
इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इसकी जानकारी होते ही काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ इकठ्ठी हो गयी। ग्रामीणों ने घटना से पुलिस को अवगत कराया। इसकी जानकारी होते ही एएसपी विनय कुमार सिंह, सीओ रामवीर सिंह, सदर कोतवाल संतोष सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया। युवक का गर्दन रेतकर नाले में मिट्टी से दबा दिया गया था। इससे हत्या की आशंका जतायी जा रही है।
वही कुछ देर बाद एसपी अंकुर अग्रवाल भी घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होंने घटना के बाबत जानकारी लेकर दिशा निर्देश दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही छानबीन के बाद कार्रवाई में जुट गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा रहा। एएसपी विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है। पुलिस जांच कर रही है।
