मिर्जापुर : विदेश व्यापार महानिदेशालय, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को नगर के जंगी रोड स्थित एक सभागार में वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया ने पीतल बर्तन के उद्यमियों एवं कालीन निर्यातकों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में आईआईए, मेटल मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन, ब्रास यूटेन्सिल्स एण्ड ट्रेडर्स एसोसिएशन व कालीन से जुड़े स्थानीय संगठनों के साथ एफआईईओ व एकमा की सहभागिता रही।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री अनुप्रिया ने कहा कि मिर्जापुर से पीतल के बने उत्पादों के निर्यात की अपार संभावनायें हैं। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ओडीओपी एवं भारत सरकार के डिस्ट्रिक्ट एक्सपोर्ट हब योजना में मिर्जापुर से परम्परागत रूप से निर्यात हो रहे कालीन एवं दरी के उत्पादों के साथ ही पीतल के बर्तन उद्योग को भी शामिल किया है।
विदेश व्यापार महानिदेशक संतोष कुमार सारंगी ने बताया कि विभाग ने आए हुए समस्त सुझावों को नोट किया है। इस पर यथासम्यक कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त विंध्याचल मंडल योगेश्वर राम मिश्र ने बताया कि जिला प्रशासन निर्यात एवं उद्यम के विकास के लिए यथावश्यक सहयोग प्रदान करेगा। कार्यक्रम में 300 से अधिक उद्यमियों व निर्यातकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर 16 उद्यमियों को जीआई टैग एवं उत्कृष्ट कार्य करने वालें 26 उद्यमियों कों 20 कारपेट सेक्टर में और छह पीतल बर्तन में सर्टिकेट प्रदान किया गया।
