गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

डेरा प्रमुख से भाजपा नेताओं के संवाद पर जनवादी महिला समिति ने की निंदा

सिरसा : जनवादी महिला समिति ने बलात्कार एवं हत्या के जघन्य अपराध में सजायाफ्ता व फिलहाल पैरोल पर आए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह से ऑनलाइन सत्संग में भारतीय जनता पार्टी नेताओं की उपस्थिति तथा चुनावों में जीत के लिए आशीर्वाद लेने की घोर निन्दा की है।
समिति की सिरसा जिलाध्यक्ष रेखा व सचिव बलबीर कौर ने संयुक्त प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि भाजपा सरकार एक तरफ ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ के अभियान पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, दुसरी तरफ बलात्कार और हत्या के मामले में सजा काट रहे अपराधियों को महिमा मंडित करने का काम कर रही है।
गौरतलब है कि सजायाफ्ता अपराधी गुरमीत राम रहीम को जब पैरोल पर छोड़ा गया तो यह अंदेशा जताया जा रहा था कि भाजपा सरकार ने उसे आदमपुर उप चुनाव व पंचायत चुनावों में लाभ प्राप्ति के लिए छोड़ा गया है। ये आशंकाएं उस समय सच साबित हो गई जब ऑनलाइन सत्संग में विधानसभा डिप्टी स्पीकर रणवीर सिंह गंगवा व मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र करनाल से स्थानीय निकाय चुनावों के भाजपा प्रत्याशी गुरमीत राम रहीम से आशीर्वाद लेते नजर आए।

महिलाओं के मान सम्मान की रक्षा का दावा करने वाली भाजपा सरकार बलात्कार एवं हत्या जैसे जघन्य अपराध में सजा काट रहे गुरमीत राम रहीम के रहमो-करम पर आसन्न चुनावों में जीत हासिल करने के जुगाड़ में लगी हुई है। इससे पहले भी आजादी की 75वीं वर्षगांठ 15 अगस्त के दिन बिलकिस बानो के मामले में सजायाफ्ता 11 अपराधियों को संस्कारी बताकर रिहा करने व फूल मालाओं से उनका स्वागत करने का मामला सामने आ चुका है। अब सुप्रीम कोर्ट में दाखिल केंद्र सरकार के जवाब अनुसार केंद्रीय गृह मंत्रालय ने ही अपराधियों को रिहा करने की मंजूरी दी थी।
महिला संगठन की नेताओं ने कहा कि बलात्कार जैसे नृशंसतम अपराध के मामलों में सजा काट रहे ऐसे अपराधियों का छोड़ा जाना और उन्हें महिमामंडित करने की प्रक्रिया महिलाओं को असुरक्षा की गहरी खाई में धकेलने, उत्पीड़ित महिलाओं का हौसला तोड़ने और अपराधियों के हौंसले बुलंद करने वाली है। इससे महिलाओं के विरुद्ध अपराध बढ़ने की तीव्र संभावनाएं हैं। इसलिए भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण देने और उन्हें महिमामंडित करने कि इस समाज विरोधी मुहिम को तुरंत रोके। इस प्रेस विज्ञप्ति के जरिये जनवादी महिला समिति भाजपा सरकार के इन फैसलों के विरुद्ध अपना रोष व्यक्त करती है व विरोध दर्ज कराती है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *