गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

गुरुग्राम में विदेशी दंपति से 15 हजार डॉलर की लूट

मेदांता अस्पताल में इलाज के लिए आए हैं भारत
गुरुग्राम :
दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में दो लोगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक इराकी दंपति से 15,000 अमेरिकी डॉलर लूट लिए। पीड़ित दंपति गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज के लिए भारत आए हैं। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर लूट के मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि पीड़ित महिला नदा अली सलमान की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक यह घटना रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है, जब वह और उनके पति अपने होटल से बाजार की ओर जा रहे थे। नदा ने अपनी शिकायत में कहा कि वह और उनके पति कुछ समय से एक होटल में रह रहे हैं, क्योंकि उनके पति की मेदांता अस्पताल में सर्जरी होनी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, रविवार को एक कार में सवार दो लोगों ने दंपति को होटल के गेट पर रोका। एक व्यक्ति ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर दंपति से कहा कि वे मादक पदार्थ ले जा रहे हैं और उन्हें उनके सामान की तलाशी लेने की जरूरत है। नदा के मुताबिक, उस आदमी ने उनके बैग की तलाशी ली और फिर उनके पति से कहा कि वह अपने जेब की तलाशी लेने दे। उनके पति की जेब में एक बटुआ था, जिसमें इलाज के लिए 15,000 अमेरिकी डॉलर थे।

जब उसने उन दोनों लोगों को अपना बटुआ दिखाया, तो उन्होंने उसे सूंघा और कहा कि यह मादक पदार्थ है और वह नकदी लेकर भाग गए। दो दंपति की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सदर पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 379 (चोरी), 420 (धोखाधड़ी), 34 (सामान्य इरादा) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। सदर थाने के प्रभारी वेद प्रकाश ने कहा कि हम इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *