चेन्नई : तमिलनाडु में कोयंबटूर कार विस्फोट की जांच कर रही विशेष टीम ने मंगलवार को इस विस्फोट में मारे गए संदिग्ध कट्टरपंथी इस्लामिक स्टेट के सदस्य जमीशा मुनीब के गिरफ्तार पांच साथियों पर गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार लोगों की पहचान मुहम्मद थलका (25), मुहम्मद अजहरुद्दीन (23), मुहम्मद रियाज (27), फिरोज इस्माइल (27) और मुहम्मद नवाज इस्माइल (27) के रूप में की गई है जो उक्कदम इलाके के पास जी.एम. नगर के निवासी हैं।
कोयंबटूर पुलिस आयुक्त वी. बालाकृष्णन ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कल देर रात मुबीन के पांच साथियों को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 120-बी (आपराधिक षड्यंत्र), 153-ए (धर्म, जाति, जन्म स्थान, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना और सद्भाव खराब करने का काम करना) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3ए और यूएपीए के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि 20 लोगों से पूछताछ की है और पूछताछ में प्राप्त जानकारी के आधार पर संदिग्धों के घरों की तलाशी भी ली जा रही है। आयुक्त ने कहा कि कोयंबटूर शहर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मंदिरों, गिरजाघरों और मस्जिदों सहित सभी पूजा स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है और वाहनों की जांच भी सख्ती से की जा रही है। उन्होंने कहा कि पांच आरोपियों में से कुछ ने केरल जेल में बंद जहरान हाशिम से भी मुलाकात भी की है, जो 2019 में श्रीलंका के ईस्टर चर्च में हुए बम विस्फोट का कथित मास्टरमाइंड है, जिसमें 250 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
सूत्रों के अनुसार, मुहम्मद थलका ने मुबीन के लिए विस्फोट होने वाले कार का प्रबंध किया था जिसमें रविवार सुबह चार बजे कोट्टई ईश्वरन मंदिर के सामने विस्फोट हुआ, जब दो एलपीजी सिलेंडरों में से एक 35 किलो का वाणिज्यिक सिलेंडर फट गया और घटनास्थल पर ही मुबीन की मौत हो गई। आयुक्त के अनुसार, यह कार मुबीन के पास आने से पहले लगभग 10 लोगों के पास रह चुकी है।
इसी संदर्भ में पुलिस ने नवाब खान के घर पर छापेमारी की, जो 1998 में कोयंबटूर बम धमाकों का मुख्य आरोपी अल उम्मा का भाई है। खबरों के अनुसार, मुबीन के साथ संबंध होने की सूचना के आधार पर नवाब खान के घर पर छापेमारी की गई।
मुबीन की पहचान होने के तुरंत बाद, पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की और पोटेशियम नाइट्रेट, एल्यूमीनियम पाउडर, सल्फर, लकड़ी का कोयला सहित विस्फोटक सामग्रियों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया, जिसका उपयोग देशी बम बनाने के लिए किया जाता था। श्री बालाकृष्णन ने कहा कि मुजीब के घर से कुल 75 किलोग्राम विस्फोटक जब्त किया गया और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
कोयंबटूर से मिली खबरों के अनुसार, मुबीन मोहम्मद अजहरुद्दीन का सहयोगी था, जो आईएस के एक मामले में केरल की एक जेल में बंद है। अजहरुद्दीन वर्ष 2019 में श्रीलंका के ईस्टर चर्च में हुए बम विस्फोट का कथित मास्टरमाइंड जहरान हाशिम का फेसबुक दोस्त है, जिसमें 250 से ज्यादा लोग मारे गए थे।
आयुक्त ने कहा कि कार विस्फोट होने से कुछ घंटे पहले मुबीन के घर से पांच लोग एक बड़ा बंडल लेकर गए थे, जिसमें एलपीजी सिलेंडर और अन्य विस्फोटक सामग्री थी, जिसमें से तीन थलका, नवाज और रियाज थे। आयुक्त ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही हम किसी नतीजे पर पहुंच सकते हैं।
कोयंबटूर विस्फोट : मृतक के गिरफ्तार 5 साथियों पर यूएपीए के तहत मामला दर्ज
