गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दलित परिवार के 3 लोगों की हत्या : महिला से छेड़खानी का आरोप

दमोह : दबंगों ने एक युवक पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप लगाया और उसके परिवार के 3 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने दलित परिवार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मामला दमोह का है। एक दलित परिवार के 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक सदस्य घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है।
घायल महेश अहिरवाल ने बताया, जगदीश पटेल के परिवार की महिला ने मेरे भतीजे कैलाश पर घूरकर देखने का आरोप लगाया था। जिसे लेकर सोमवार शाम को कहासुनी हुई थी। मंगलवार सुबह करीब 6.30 बजे एक दर्जन से अधिक लोग घर पहुंचे। इनमें लग्गी, कोदूलाल, घनश्याम, वंदना शामिल थे। आते ही गोलियां चलाना शुरू कर दी। महेश ने बताया, गोली लगने से मेरे पिता घमंडी अहिरवाल (60), मां राजप्यारी (58), बड़ा भाई पटेल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही दमोह कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे। एसपी डीआर तेनीवार का कहना है देवरान गांव में एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या हुई है। जांच की जा रही है। घायल परिजन के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
मौके पर एसपी डीआर तेनीवार, एडिशनल एसपी शिव कुमार सिंह, सीएसपी अभिषेक तिवारी, एफएसएल अधिकारी किरण सिंह, देहात थाना प्रभारी अमित मिश्रा, टीआई कोतवाली, सागर नाका चौकी पुलिस सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स गांव में तैनात किया गया है।
जमीन को लेकर पहले से चल रहा मनमुटाव
जानकारी के मुताबिक दोनों परिवार पड़ोसी हैं। आरोपी परिवार गांव का समृद्ध किसान परिवार है। बगल में पीड़ित परिवार की चार-पांच एकड़ जमीन है। आरोपी परिवार, दलित परिवार की जमीन को अपने कब्जे में लेना चाहता है। दोनों परिवारों के बीच मनमुटाव चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *